Jaunpur news जौनपुर के युवा आशीष सोनी ने प्रधानमंत्री से किया सीधा संवाद, सीमावर्ती गांवों में डिजिटल इंडिया की सफलता का साझा किया अनुभव
जौनपुर के युवा आशीष सोनी ने प्रधानमंत्री से किया सीधा संवाद, सीमावर्ती गांवों में डिजिटल इंडिया की सफलता का साझा किया अनुभव
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 403 युवाओं में शामिल आशीष ने हिमाचल के हिक्किम डाकघर और चिचम पुल से जुड़े अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए।
जौनपुर जिले के बदलापुर ब्लॉक निवासी युवा आशीष सोनी को देश के प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद का विशेष अवसर मिला। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की संस्था मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत चयनित प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री ने बातचीत की, जिसमें आशीष सोनी ने भी अपने अनुभव साझा किए।
यह कार्यक्रम 3 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित किया गया था। इसमें देश के 245 जिलों से चुने गए 403 युवाओं ने हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर वहां के विकास, संस्कृति और जनजीवन को करीब से समझा। जौनपुर से आशीष सोनी इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चयनित होने वाले युवा प्रतिनिधि रहे। उनका चयन देशभर में आयोजित क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से हुआ, जिसमें लगभग 2.7 लाख युवाओं ने भाग लिया था।
कार्यक्रम के दौरान आशीष ने हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के काजा खास गांव का दौरा किया। वर्चुअल संवाद में प्रधानमंत्री ने उनसे विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर हिक्किम में उनके अनुभव के बारे में पूछा। आशीष ने बताया कि उन्होंने वहीं से प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र भेजा था और यह देखकर आश्चर्य हुआ कि 15 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित क्षेत्र में भी क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली पूरी तरह सक्रिय है, जो डिजिटल इंडिया अभियान की सफलता का प्रमाण है।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के साथ किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया और बताया कि ग्रामीणों को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास किया गया। साथ ही उन्होंने चिचम पुल के निर्माण से क्षेत्र में बढ़ी आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन, विशेष रूप से नाइट टूरिज्म, पर पड़े सकारात्मक प्रभाव की भी जानकारी प्रधानमंत्री को दी।
प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में हो रहे विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की सराहना की। संवाद के बाद आशीष सोनी ने इसे अपने जीवन का सबसे यादगार और प्रेरणादायक क्षण बताते हुए कहा कि यह अवसर उन्हें देश के विकास में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। MY Bharat की यह पहल युवाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, वहां की चुनौतियों और आईटीबीपी जवानों के योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
