Jaunpur news मन की बात’ राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान बन चुका है: कृपाशंकर सिंह

Share

मन की बात’ राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान बन चुका है: कृपाशंकर सिंह

मन की बात के 136वें एपिसोड का कैम्प कार्यालय पर हुआ सामूहिक श्रवण

पीएम मोदी ने कारगिल के वीरों को किया नमन

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह के कैम्प कार्यालय पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को गंभीरता से सुना और उसके प्रमुख संदेशों पर चर्चा भी की।
अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
‘मन की बात’ के इस 136वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत, देश की रक्षा क्षमता को सशक्त बनाने, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी, नवाचार तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।
प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम आकाशवाणी, दूरदर्शन, AIR News वेबसाइट, NewsOnAIR ऐप तथा पीएमओ सहित विभिन्न आधिकारिक यूट्यूब चैनलों पर देशभर में लाइव प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि प्रसार भारती के लिए आईआईएम रोहतक द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार ‘मन की बात’ कार्यक्रम को कम से कम एक बार सुनने वालों की संख्या 100 करोड़ तक पहुंच चुकी है, जो इसकी व्यापक लोकप्रियता और जनसंपर्क का प्रमाण है।
कार्यक्रम के उपरांत भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को प्रेरित करने और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समाज के प्रत्येक वर्ग, युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं आम नागरिकों को राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह, नागेश्वर जी, सुशील मिश्रा, सुशील उपाध्याय, पुष्पा सिंह, राखी सिंह, गीता बिंद, विकास यादव, रत्नाकर सिंह, अजीत सिंह, श्याम राज सिंह, रागिनी सिंह,अंजना सिंह, रूपेश गुप्ता, राममोहन सिंह, राहुल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Author