Jaunpur news रूहट्टा के दिव्यांग बच्चों का नोएडा में शैक्षणिक भ्रमण

Share

रूहट्टा के दिव्यांग बच्चों का नोएडा में शैक्षणिक भ्रमण
फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन में हुनर देखकर हुए गदगद, केंद्रीय मंत्री के आवास और “क्षितिज की गूंज” में भी मिली सहभागिता

जौनपुर/नोएडा: नगर के रूहट्टा स्थित राजेश स्नेह ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन दिव्यांग बच्चों का स्कूल एवं पुनर्वास केंद्र के बच्चों का 3 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण नोएडा में संपन्न हुआ।

भ्रमण दल ट्रेन से जौनपुर से नोएडा पहुंचा। ट्रेन में सभी दिव्यांग बच्चों ने खूब मस्ती की, गाने गाए और नेत्रहीन बच्चों ने डिबेट में हिस्सा लेकर सबको प्रभावित किया। सुबह नोएडा पहुंचकर सभी बच्चों ने स्नान व नाश्ता किया और फिर बहुचर्चित फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. महिपाल सिंह की संस्था “फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन” का भ्रमण किया।

केंद्र पर बच्चों ने दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित कैंडल, मूर्ति, खिलौने, क्ले से बनी बोतलें आदि का बारीकी से अवलोकन किया और वोकेशनल गैलरी में उनके हुनर को सराहा। इस दौरान फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, डॉ. सुष्मिता भाटी, पत्रकार दीपक सिंह और राजेश स्नेह ट्रस्ट की सचिव किरन जायसवाल, संगीत शिक्षक राहुल पाठक, सोहराब, शिक्षिकाएं सरस्वती, फातिमा, रेनू तथा उपाध्यक्ष अनुपमा राय का विशेष सहयोग रहा।

दूसरे दिन भ्रमण दल केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बीएल वर्मा जी के आवास पहुंचा। बीएल वर्मा जी, जो सामाजिक सशक्तिकरण एवं न्याय और खाद्य एवं उपभोक्ता मामले के राज्य मंत्री हैं, ने सभी बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

तीसरे दिन “क्षितिज की गूंज – सपनों को पंख, हुनर को पहचान” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भव्य आयोजन में रूहट्टा के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. मुरली मनोहर जोशी जी और मुख्य अतिथि श्री बीएल वर्मा जी ने बच्चों को सम्मानित किया।

भ्रमण के अंतिम दिन बच्चों को नोएडा भ्रमण कराया गया और उसके बाद उन्हें वापस घर भेजा गया।

राजेश स्नेह ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. राम नारायण सिंह ने फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस भ्रमण से बच्चों का आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा है।

About Author