Jaunpur news जमीन विवाद में हत्या के प्रयास के तीन आरोपी दबोचे, बरसठी पुलिस ने भेजा जेल
जमीन विवाद में हत्या के प्रयास के तीन आरोपी दबोचे, बरसठी पुलिस ने भेजा जेल
जौनपुर। बरसठी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में टीम लगातार वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में रविवार पूर्वाह्न ग्राम बारीगांव और कान्हपुर में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज सिंह (38) निवासी बारीगांव, जिलेदार सिंह (65) और सुनील सिंह (40) निवासी कान्हपुर, थाना बरसठी के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था और पुलिस को उनकी लंबे समय से तलाश थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में अपराध निरीक्षक लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल पवित्र भूषण तिवारी, कांस्टेबल अभिषेक यादव, महिला कांस्टेबल किरण और बबिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
