Jaunpur news राम मंदिर चढ़ावा और भूमि खरीद मामले की जांच की मांग, AAP ने हनुमान मंदिर में किया ‘न्याय-अर्जी’ कार्यक्रम
राम मंदिर चढ़ावा और भूमि खरीद मामले की जांच की मांग, AAP ने हनुमान मंदिर में किया ‘न्याय-अर्जी’ कार्यक्रम
जौनपुर।
आम आदमी पार्टी (AAP) की जौनपुर इकाई ने शुक्रवार को राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे, दान और भूमि खरीद मामलों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर बीआरपी हनुमान मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे “न्याय-अर्जी” अभियान का नाम देते हुए निष्पक्ष जांच, प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवान हनुमान के समक्ष प्रार्थना करते हुए धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही।
AAP के पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्रा ने मंदिर में ₹420 का प्रतीकात्मक दान अर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह कदम उन कथित आरोपों के विरोध का प्रतीक है, जिनमें राम मंदिर निर्माण से जुड़े चढ़ावे और भूमि खरीद में अनियमितताओं की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि इन मामलों में लंबे समय से जांच और एफआईआर की मांग उठती रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि यदि किसी भी मामले में पर्याप्त तथ्य और साक्ष्य मौजूद हैं तो संबंधित एजेंसियों को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे।
पार्टी नेताओं ने जौनपुर निवासी अजय विश्वकर्मा द्वारा रामलला को भेंट किए गए चांदी के हार और चरण पादुका का उल्लेख करते हुए कहा कि उनसे संबंधित अभिलेखों और रसीदों को लेकर उठे सवालों का भी स्पष्ट जवाब सामने आना चाहिए।
जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया दान सार्वजनिक आस्था का विषय होता है, इसलिए उसके प्रबंधन और उपयोग की पूरी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से न्याय-अर्जी प्रस्तुत करते हुए संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग दोहराई।
इस अवसर पर राम रतन विश्वकर्मा, रत्नेश सिंह, सुभाष चंद्र गौतम, राजेश अस्थाना, एच.एन. तिवारी, वंदना मिश्रा, बबलू गुप्ता, विद्याधर मिश्र, प्रदीप मिश्रा, आशुतोष मौर्या सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

