Jaunpur news महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा है: कृपाशंकर सिंह
महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा है: कृपाशंकर सिंह
धूमधाम से मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती, राजपूत सेवा समिति ने निकाला भव्य जुलूस
जौनपुर। राजपूत सेवा समिति के तत्वावधान में आज वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के कलीचाबाद स्थित महाराणा प्रताप पार्क से सैकड़ों मोटरसाइकिलों के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के लोगों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।
जुलूस के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ निकले लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों और उनके वीरता भरे जीवन को याद किया। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थल पर पहुंचा, जहां उपस्थित लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व गृहराज्य मंत्री एवं जौनपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके विचार आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज व देश के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में राजपूत सेवा समिति के पदाधिकारियों ने भी महाराणा प्रताप के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती का आयोजन हर वर्ष समाज में वीरता, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाता है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह, शशि मोहन सिंह क्षेम, प्रदीप सिंह सफायर, अजीत कुमार सिंह, रविंद्र प्रताप सिंह, रत्नाकर सिंह, अजीत सिंह,राजेश सिंह,रविंद्र सिंह,अमर बहादुर,आजाद सिंह,मुन्ना सिंह, सिद्धार्थ सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
