Jaunpur news सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, मरम्मत और पौधारोपण के दिए निर्देश
जौनपुर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, मरम्मत और पौधारोपण के दिए निर्देश
जौनपुर। जिले में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को पचहटियां स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट के संचालन, रखरखाव और आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर में मौजूद कमियों को चिन्हित करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्लांट की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने को कहा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके।
डीएम ने परिसर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर विशेष जोर देते हुए बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरित वातावरण न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई, रखरखाव और संचालन व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, जिससे प्लांट की कार्यक्षमता प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, प्रोजेक्ट मैनेजर पवन मिश्रा, जल निगम (ग्रामीण) के जूनियर इंजीनियर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस पहल को शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
