Jaunpur news मोबाइल हैक कर खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए 94,000 रुपये।

Share

मोबाइल हैक कर खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए 94,000 रुपये।

पीड़ित की तहरीर पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज।

जौनपुर।

साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाते हुए उसके बैंक खाते से 94,000 रुपये उड़ा दिए। घटना के संबंध में पीड़ित पन्नालाल यादव, निवासी ग्राम कौवापार, थाना गौराबादशाहपुर ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कौवापार गांव निवासी पन्ना लाल यादव ने साइबर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा सिपाह, जौनपुर में बचत खाता है। पीड़ित पन्ना लाल यादव ने बताया कि बीते 7 जून को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक अनजान ‘APK’ फाइल आई। इस फाइल को खोलते ही पीड़ित का मोबाइल हैंग होने लगा और काम करना बंद कर दिया। इसके दो दिन बाद, 9 जून को उनके मोबाइल पर कई अनजान ओटीपी आए, जिन्हें उन्होंने डिलीट कर दिया।
शिकायत के अनुसार, 9 जून की शाम 6:13, 6:16 और 6:18 बजे यूपीआई के माध्यम से पीड़ित के खाते से क्रमशः 49,000 रुपये, 25,000 रुपये और 20,000 रुपये की निकासी की गई। मोबाइल ठीक कराने के बाद जब पीड़ित ने 11 जून को अपना बैंक स्टेटमेंट चेक किया, तब उन्हें कुल 94,000 रुपये की धोखाधड़ी का पता चला। जिसे जानकर पन्ना लाल के होश उड़ गए। जिस पर पन्ना लाल ने गौराबादशाहपुर थाने पर सूचना दिया। जहां पर गौराबादशाहपुर थाना पुलिस द्वारा उन्हें साइबर का मामला होने पर साइबर थाने पर भेजा गया। साइबर थाने पर पुलिस ने बीते 12 जून को पन्ना लाल यादव से तहरीर प्राप्त कर साइबर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

About Author