Jaunpur news श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर को मिला नया मुख्य संरक्षक, वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे को सौंपी गई जिम्मेदारी
श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर को मिला नया मुख्य संरक्षक, वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे को सौंपी गई जिम्मेदारी
जौनपुर। श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नगर के उर्दू बाजार स्थित घनश्यामदास बैंकर के बगीचे में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासमिति के वरिष्ठ संरक्षक एवं समाजसेवी राकेश श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित ईशान चतुर्वेदी द्वारा भगवान गणेश के वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महासमिति के मुख्य संरक्षक पद पर नई नियुक्ति करना था। उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में महासमिति के मुख्य संरक्षक पंडित अवधेश चतुर्वेदी के आकस्मिक निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव को देखते हुए महासमिति के संरक्षक मंडल, विशिष्ट सदस्यों और पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से संगठन के वरिष्ठ एवं अनुभवी सदस्य को यह दायित्व सौंपने का निर्णय लिया।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद महासमिति के वर्तमान संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे के नाम पर आम सहमति बनी। बैठक की अध्यक्षता कर रहे राकेश श्रीवास्तव ने लोलारक दुबे को मुख्य संरक्षक तथा पंडित ईशान चतुर्वेदी को नया संरक्षक सदस्य घोषित किया। घोषणा होते ही उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोनों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि लोलारक दुबे वर्षों से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उनका सरल व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकार और महासमिति के प्रति समर्पण संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
नवनियुक्त मुख्य संरक्षक लोलारक दुबे ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महासमिति के प्रत्येक सदस्य और पदाधिकारी के साथ मिलकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।
बैठक में अशोक शर्मा एडवोकेट, शशि कुमार श्रीवास्तव, अरशद कुरैशी, आनंद मिश्रा एडवोकेट, संजय अस्थाना, डॉ. अतुल प्रकाश यादव, अतुल सिंह, मेहदी रजा एडवोकेट, मनोज मिश्र एडवोकेट, विक्रम मौर्य, हरिद्वारी प्रसाद विश्वकर्मा एडवोकेट, डॉ. अंजना सिंह, जगदीश प्रसाद मौर्य, उर्वशी सिंह, तुलिका श्रीवास्तव, कैलाश यादव एडवोकेट, जयहिंद यादव, राधेरमण जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आगंतुकों का स्वागत संयोजक नवीन सिंह बसगोती ने किया, जबकि आभार ज्ञापन अध्यक्ष दीपक जावा एवं कोऑर्डिनेटर संजय जांडवानी ने संयुक्त रूप से व्यक्त किया। बैठक का संचालन मुख्य ट्रस्टी संजीव कुमार एडवोकेट ने किया।
महासमिति के महासचिव पवन दुबे, कोषाध्यक्ष विशाल खत्री, उपाध्यक्ष आशीष बोस सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बैठक को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
