Jaunpur news मन की बात’ के 134वें एपिसोड से जुड़ा जौनपुर, नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सुने प्रधानमंत्री के विचार
‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड से जुड़ा जौनपुर, नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सुने प्रधानमंत्री के विचार
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण रविवार को नगर स्थित एक सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश की सांस्कृतिक विरासत, नदियों के महत्व और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर प्रेरक विचार रखे। उन्होंने कहा कि ऐसे संदेश समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले हैं और इन्हें जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि जिले के लोगों ने कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और उनसे प्रेरणा प्राप्त की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों के योगदान की सराहना करने पर जोर दिया तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाज में अच्छे कार्यों को प्रोत्साहन मिलने से विकास की गति और तेज होगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक उपस्थित रहे। उनके अलावा काशी क्षेत्र के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व सांसद, विधायक, नगर निकाय प्रतिनिधि तथा महिला मोर्चा और पार्टी संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचारों को जनसामान्य तक पहुंचाने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
