Jaunpur news प्रख्यात शिक्षाविद एवं ज्योतिषाचार्य पंडित वाचस्पति मिश्र का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
जौनपुर के प्रख्यात शिक्षाविद एवं ज्योतिषाचार्य पंडित वाचस्पति मिश्र का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
जौनपुर। जिले के बक्शा क्षेत्र के सम्मानित शिक्षाविद, विद्वान ज्योतिषाचार्य एवं व्याकरणाचार्य पंडित वाचस्पति मिश्र का 80 वर्ष की आयु में बुधवार शाम निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय पंडित वाचस्पति मिश्र बक्शा विकासखंड के पूरामोहब्बत जूनियर हाईस्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य रहे थे। शिक्षा जगत में उनका विशेष योगदान माना जाता था। वे ग्राम नरी, पोस्ट खुनशापुर, थाना बक्शा के निवासी थे और लंबे समय तक शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
बताया जाता है कि वे ज्योतिष और संस्कृत व्याकरण के गहरे जानकार थे तथा क्षेत्र में एक विद्वान ब्राह्मण के रूप में उनकी विशेष पहचान थी। उनके सानिध्य में कई विद्यार्थियों ने शिक्षा प्राप्त कर समाज में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया।
उनका अंतिम संस्कार वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट पर पूरे वैदिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। मुखाग्नि उनके छोटे पुत्र डा. मृत्युंजय मिश्र ने दी।
परिवार में उनके तीन पुत्र हैं। बड़े पुत्र डा. माहेश्वर मिश्र एवं दूसरे पुत्र डा. हुताशन मिश्र चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हैं, जबकि छोटे पुत्र डा. मृत्युंजय मिश्र शिक्षण कार्य में कार्यरत हैं। परिवार में पौत्र ब्रह्मयज्ञ मिश्र, भास्कर मिश्र, भुवनेश्वर मिश्र एवं विनायक मिश्र सहित अन्य परिजन मौजूद रहे।
उनके निधन पर शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।
