Jaunpur news प्रतिभा का प्रदर्शन: दो दिवसीय सतीश सिंह-चन्द्र सिंह मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज
प्रतिभा का प्रदर्शन: दो दिवसीय सतीश सिंह-चन्द्र सिंह मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज
टीडी कॉलेज प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह ‘माला’ ने किया उद्घाटन, दूसरे दौर में पहुंचीं छह टीमें
जौनपुर:
मॉर्निंग वॉक ग्रुप, कुद्दूपुर के तत्वाधान में दो दिवसीय प्राइज मनी प्रथम स्वर्गीय सतीश सिंह चन्द्र सिंह मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कुद्दूपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर के बगल के मैदान पर आयोजित इस प्रतियोगिता में पूर्वांचल की कई दिग्गज टीमें दमखम दिखा रही हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि तिलकधारी सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय (टीडी कॉलेज) के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह ‘माला’ ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व गेंद को सर्व कर किया।
खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सत्य प्रकाश सिंह ‘माला’ ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन और टीम भावना भी पैदा करता है। ग्रामीण अंचलों में इस तरह के आयोजनों से छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद डॉ. अरविंद सिंह, रतन सिंह (बड़ेरी, मड़ियाहूं), राष्ट्रीय सवर्ण समाज संगठन पूर्वांचल के संस्थापक पीयूष सिंह तथा जेसीआई चेतना जौनपुर की अध्यक्ष सरला माहेश्वरी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
आयोजन सचिव आलोक कुमार सिंह ने बताया कि इस नॉकआउट प्रतियोगिता में कुल 11 प्रतिष्ठित टीमें (वाराणसी, लम्भुआ, औंका, अयोध्या, गंगापुर, बीनापारा, जौनपुर, नवदीप क्लब, टीडी कॉलेज, अरौली व पोटरिया) प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन कुल 5 कड़े मुकाबले खेले गए। अपने-अपने मैच जीतकर वाराणसी, लम्भुआ, बीनापारा, नवदीप क्लब, टीडी कॉलेज और पोटरिया की टीमें अगले दौर (दूसरे राउंड) में प्रवेश कर चुकी हैं। मैचों में अंपायरिंग (रेफरी) की भूमिका सोनू सिंह, अंशुमान, रतन सिंह, लाल प्रताप यादव व अमित ने निभाई, जबकि कमेंट्री सत्य प्रकाश सिंह और चंद्रशेखर उपाध्याय ‘बॉबी’ द्वारा की गई।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹25,000/- नगद और चमचमाती ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि उपविजेता (द्वितीय स्थान) रहने वाली टीम को ₹15,000/- नगद पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
इस खेल महोत्सव के दौरान जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष अश्विनी सिंह, उपाध्यक्ष रमेश सिंह, सचिव विजय सिंह ‘बागी’, आयोजन अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, योगेंद्र सिंह ‘मंटू’, कोषाध्यक्ष शुभम सिंह, प्रिंस सिंह, शशि भूषण सिंह, हर्ष सिंह समेत भारी संख्या में कुद्दूपुर ग्रामवासी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन सचिव आलोक कुमार सिंह ने सभी अतिथियों व आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
