Jaunpur news जौनपुर में ड्रग इंस्पेक्टर रजत पांडेय की टीम ने किया बड़ी कार्रवाई
इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट
जौनपुर में ड्रग इंस्पेक्टर रजत पांडेय की टीम ने किया बड़ी कार्रवाई
एक लाख के इनामी शुभम यादव के दोस्त के घर ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने मारा छापा
2,33 लाख कीमत की अवैध दवाएं जब्त, कोडिंन कफ सिरप की सप्लाई में भी आया था नाम
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बड़ऊर के चर्चित दूल्हा आजाद हत्याकांड के मुख्य आरोपी एक लाख के इनामी अपराधी रवि यादव के दोस्त शुभम सिंह के खेतासराय स्थित पैतृक आवास पर पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने बीती रात संयुक्त रूप से छापेमारी की है।
इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के आवास से भारी मात्रा में अवैध एलोपैथिक दवाएं बरामद की गई हैं। जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख 33 हजार 860 रुपये बताई जा रही है।
जिला मजिस्ट्रेट सैमुअल एन पाल के विशेष निर्देश पर
जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय की अगुवाई में गठित स्पेशल टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह, खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह, कस्बा इंचार्ज अनिल कुमार पाठक, उपनिरीक्षक संजय पांडेय के साथ भारी पुलिस बल लेकर खेतासराय थाना अंतर्गत नगर पंचायत खेतासराय के सरवरपुर वार्ड स्थित आवास में छापेमारी की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शुभम सिंह के घर पर अवैध रूप से दवाओं का भंडारण किया गया मिला है।
छापेमारी के दौरान आरोपी शुभम सिंह की मां संगीता सिंह घर पर मौजूद थीं। जबकि शुभम सिंह मौके पर नहीं पाया गया। टीम ने जब घर की तलाशी ली, तो वहां बिना किसी वैध लाइसेंस और दस्तावेज के अवैध रूप से रखी गईं लगभग दो लाख,33 हजार, 860 रुपये मूल्य की एलोपैथिक दवाएं बरामद हुईं।
इतने बड़े मामले का खुलासा होते ही जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारी को देते हुए सभी दवाएं सील कर जांच के लिए सैंपल भेज दिया।
बाक्स
हत्या की कई वारदात में शामिल है रवि
जौनपुर। खेतासराय थाना अंतर्गत सरवरपुर वार्ड के सोंधी मोहल्ला निवासी एक लाख की इनामी अपराधी रवि यादव पुत्र कमलेश यादव बेहद ही शातिर किस्म का अपराधी है। पूर्वांचल के कई जिलों में चोरी और लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में इसका नाम पहली बार उस समय आया जब दूल्हा आजाद बिन्द को फरार अपराधी भोले राजभर और प्रदीप बिंद के साथ खुलेआम मौत के घाट उतारने में शामिल रहा है।
पुलिस का कहना है कि रवि यादव और शुभम सिंह दोनों एक ही मोहल्ले के होने के नाते इनमें काफी दोस्ती है।
बाक्स
लैब में जांच के लिए भेजा गया सैंपल
जौनपुर। जिला ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दवाओं के दो अलग-अलग सैंपल (नमूने) एकत्र किए। इन सैंपलों को जांच के लिए सरकारी लैब भेज दिया गया है। इसके साथ ही, ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 और नियमावली 1945 के नियमों के तहत बची हुई सभी दवाओं को सूचीबद्ध किया गया। इसके बाद सभी दवाओं को चार प्लास्टिक की बोरियों में भरकर मौके पर ही सील कर दिया गया।
बाक्स
कोर्ट में दर्ज होगा केस: डीआई
जौनपुर। जिले के खेतासराय कस्बा स्थित सरवरपुर मोहल्ले में हुई इस छापेमारी के संबंध में विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बरामद दवाओं के सैंपल की लैब रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होगी और पुलिस की विभागीय जांच पूरी होगी। आरोपी शुभम सिंह के खिलाफ संबंधित न्यायालय में शिकायत वाद दर्ज कराया जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद से इलाके के अवैध दवा कारोबारियों और अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस इस मामले में आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है।
