Jaunpur news 15 दिन बाद भी नहीं पकड़े गए दूल्हे के हत्यारे, बहन ने ग्रामीणों संग पैदल मार्च कर मांगा इंसाफ
15 दिन बाद भी नहीं पकड़े गए दूल्हे के हत्यारे, बहन ने ग्रामीणों संग पैदल मार्च कर मांगा इंसाफ
जौनपुर में दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड को करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। न्याय की मांग को लेकर मृतक की बहन सौम्या बिंद गांव से ग्रामीणों के साथ हाथों में तख्ती और बैनर लेकर पैदल ही जिला मुख्यालय के लिए निकल पड़ी। भीषण गर्मी और 40 डिग्री तापमान के बावजूद लोगों का जत्था करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय कर कलेक्ट्रेट पहुंचा।
रास्ते में कई स्थानों पर पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रोककर समझाने का प्रयास किया, लेकिन सौम्या का कहना था कि अब परिवार को सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय चाहिए।
कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करते हुए पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम कार्यालय के सामने मृतक का परिवार और ग्रामीण धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान सौम्या बिंद ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी परिवार पर टिप्पणी करना गलत है। यदि किसी के परिवार की बहन-बेटियों के बारे में इस तरह की बातें कही जाएं तो उन्हें कैसा लगेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचे और इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मामले के तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। स्थानीय पुलिस की कई टीमें और एसटीएफ आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
