Jaunpur news गोमती नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

Share

गोमती नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम
जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में शनिवार को गोमती नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम छा गया। घटना पुराने पुल के समीप की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हीरापुर मचहटी गांव निवासी 18 वर्षीय प्रवेश यादव और 20 वर्षीय शिवम चौरसिया अपने कुछ साथियों के साथ दोपहर में गोमती नदी पर स्नान करने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद मौके पर शोरगुल मच गया।
आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत नदी किनारे पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी डोभी ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। मृतक प्रवेश यादव के पिता मुंबई में रहकर काम करते हैं, जबकि शिवम चौरसिया का परिवार वाराणसी में निवास करता है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि नदी में स्नान के दौरान डूबने से दोनों युवकों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

About Author