Jaunpur news दूल्हा हत्याकांड के तीन फरार आरोपियों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित
दूल्हा हत्याकांड के तीन फरार आरोपियों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए चर्चित दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर तीनों वांछित बदमाशों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इसके बाद पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश और तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में वांछित प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं। तीनों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गौरतलब है कि एक मई की रात सरायख्वाजा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब बारात लेकर निकले दूल्हे आजाद बिंद पर बदमाशों ने हमला कर दिया था। ताबड़तोड़ फायरिंग में दूल्हे को गोली लग गई थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई थीं और पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
इस हत्याकांड को पुलिस ने गंभीर चुनौती के रूप में लिया है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
