Jaunpur news राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड निस्तारण, 57 हजार से अधिक मामलों का हुआ समाधान
राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड निस्तारण, 57 हजार से अधिक मामलों का हुआ समाधान
जौनपुर। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण कर लोगों को त्वरित न्याय प्रदान किया गया। प्रशासनिक न्यायमूर्ति एवं जिला न्यायाधीश की मौजूदगी में आयोजित इस विशेष लोक अदालत में कुल 57,495 मामलों का समाधान किया गया, जबकि करोड़ों रुपये की समझौता राशि भी तय कराई गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ प्रशासनिक न्यायमूर्ति नीरज तिवारी एवं जिला जज सुशील कुमार शशि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों का भी निस्तारण किया गया। कुल मिलाकर 1 अरब 28 करोड़ रुपये से अधिक की समझौता राशि तय हुई। पारिवारिक विवादों के कई मामलों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया तथा पीड़ित पक्ष को आर्थिक सहायता भी दिलाई गई।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में भी कई मामलों का निस्तारण करते हुए पीड़ितों को लाखों रुपये की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई। वहीं बिजली बकाया, बैंक रिकवरी, राजस्व, फौजदारी एवं एनआई एक्ट से जुड़े मामलों का भी बड़ी संख्या में निस्तारण हुआ।
लोक अदालत के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, उपकरण एवं अन्य सुविधाएं भी वितरित की गईं। श्रम विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए, जबकि दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जरूरतमंदों को व्हीलचेयर और स्मार्ट केन वितरित किए।
इसके अलावा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से चयनित लाभार्थियों को रोजगार से जुड़े उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है, जिससे अदालतों में लंबित मामलों का बोझ भी कम हो सके।
