Jaunpur news डीजे पर गाना बजाने को लेकर शादी समारोह में बवाल, बाराती-घराती भिड़े, कई घायल
डीजे पर गाना बजाने को लेकर शादी समारोह में बवाल, बाराती-घराती भिड़े, कई घायल
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन गांव में आयोजित एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जबकि वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को जमालापुर (डिहवा) गांव से बारात सिधवन गांव पहुंची थी। शुरुआती रस्में और स्वागत कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो गए, लेकिन द्वारपूजा के दौरान डीजे पर मनपसंद गाना बजाने को लेकर कुछ युवकों और बारातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ते ही लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के करीब दस लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है।
घटना के दौरान खड़ी कई गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। उपद्रवियों ने एक बाइक में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले करने की कोशिश की, हालांकि मौजूद लोगों ने समय रहते आग लगने से बचा लिया। घायलों को उपचार के लिए भदोही के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गांव में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। वहीं पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
