August 14, 2026

Jaunpur news रेलवे ट्रैक पर मिली अज्ञात महिला की लाश, पहचान में जुटी पुलिस

Share

रेलवे ट्रैक पर मिली अज्ञात महिला की लाश, पहचान में जुटी पुलिस
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग पर शिव गुलामगंज के पास सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के समीप एक महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक कोशिश के बावजूद महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि मृतका की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास है। वह पीले रंग की साड़ी और काले रंग का छींटदार ब्लाउज पहने हुई थी। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं पुलिस मृतका की पहचान कराने और मामले की सच्चाई पता लगाने में जुटी हुई है।

About Author