Jaunpur news तेज रफ्तार कार का कहर: राहगीर की मौत, युवक गंभीर घायल

Share

तेज रफ्तार कार का कहर: राहगीर की मौत, युवक गंभीर घायल
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय बाजार के पास स्थित बलथर स्कूल के समीप गुरुवार करीब 2 बजे मोहम्मद शारिक उमरी (23 वर्ष) पुत्र इश्तियाक अहमद बाइक से कहीं जा रहे थे। उसी दौरान सड़क पर पैदल जा रहे करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति को भी तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों लोग सड़क किनारे गंभीर हालत में गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल शारिक को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वह केसरिया रंग का कुर्ता और काले रंग की धारीदार लोअर पहने हुए था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

About Author