Jaunpur news विद्यावती महिला महाविद्यालय में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

IMG-20261122-WA0013
Share

विद्यावती महिला महाविद्यालय में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित
​
​स्वास्थ्य सेवाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचाना ही ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य: वीरेंद्र प्रताप सिंह
​रविवार को विद्यावती महिला महाविद्यालय (फार्मेसी कॉलेज) के प्रांगण में ‘जागृति सेवा ट्रस्ट’ के तत्वावधान में एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पहुंचकर मरीजों का परीक्षण किया, परामर्श दिया और नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया।
​शिविर के आयोजन के उद्देश्य, उपयोगिता और संस्था के सरोकारों पर प्रकाश डालते हुए संस्था के मुख्य ट्रस्टी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि कई बार आर्थिक या अन्य कारणों से लोग समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श नहीं ले पाते, ऐसे में इस तरह के शिविर आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जागृति सेवा ट्रस्ट केवल औपचारिकताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ और जागरूक बन सके।
​शिविर में डॉ. एस.बी. सिंह (फिजिशियन), डॉ. आलोक अग्रवाल (ऑर्थो विशेषज्ञ), डॉ. रामरतन वैद्य, डॉ. अमित कुमार सिंह (दंत रोग विशेषज्ञ), डॉ. सुनील पांडे (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दृष्टांत पांडे (होमियो) और डॉ. अनूप पाठक (जनरल होमियो) सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों ने विशेषज्ञों से जांच कराकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
​कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह, विनोद कुमार सिंह, डॉ. राणा प्रताप सिंह, रामभुवन सिंह, जयप्रकाश, अजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों व गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। ट्रस्ट ने भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।