August 14, 2026

Jaunpur news लापता 4 वर्षीय मासूम का कुएं में मिला शव, जौनपुर के गारोपुर गांव में मातम

Share


लापता 4 वर्षीय मासूम का कुएं में मिला शव, जौनपुर के गारोपुर गांव में मातम
जौनपुर बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां लापता 4 वर्षीय मासूम का शव घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक जर्जर कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, आदिल (4 वर्ष), पुत्र रफीक, सोमवार को घर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने 5 मई को बरसठी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर देर रात तक बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे गांव के ही एक पुराने, परित्यक्त कुएं में ग्रामीणों की नजर पड़ी, जहां पानी में मासूम का शव उतराता मिला। यह दृश्य देखते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि आदिल के पिता रफीक रोज़गार के सिलसिले में सऊदी अरब में रहते हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन के बीच आदिल की असमय मौत से सभी गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे गांव में सन्नाटा और शोक का माहौल बना हुआ है।

About Author