Jaunpur news हत्याकांड में 21 घंटे का गतिरोध खत्म: पूर्व सांसद धनंजय सिंह के हस्तक्षेप से माने परिजन, अंतिम संस्कार संपन्न

Share

जौनपुर हत्याकांड में 21 घंटे का गतिरोध खत्म: पूर्व सांसद धनंजय सिंह के हस्तक्षेप से माने परिजन, अंतिम संस्कार संपन्न

जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित बड़उर गांव में दूल्हे की हत्या के बाद परिजनों और प्रशासन के बीच करीब 21 घंटे तक चला गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने के बावजूद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं थे और आरोपियों की गिरफ्तारी व तीन अन्य लोगों को नामजद करने की मांग पर अड़े रहे।
रविवार को पूरे दिन हालात तनावपूर्ण बने रहे। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका।
परिजनों का स्पष्ट कहना था कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और तीन अन्य संदिग्धों को मुकदमे में शामिल नहीं किया जाता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
स्थिति तब बदली जब पूर्व सांसद धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से अलग-अलग बातचीत कर उन्हें समझाया। काफी मशक्कत के बाद परिजन मान गए और रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अंतिम संस्कार के लिए सहमति बनी। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली।
21 घंटे तक बना रहा तनाव
शनिवार शाम करीब 6:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया था, लेकिन इसके बाद से रविवार दोपहर तक परिजन विरोध करते रहे। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
बारात में हुई थी सनसनीखेज वारदात
घटना शुक्रवार रात की है, जब बड़उर गांव निवासी आजाद बिंद की बारात खेतासराय क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रही थी। जैसे ही बारात शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर बादशाही के पास पहुंची, बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हे की कार को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दूल्हे की मौके पर ही मौत हो गई और बारात में अफरा-तफरी मच गई।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों—शोले राजभर, रवि यादव और प्रदीप बिंद—के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा आरोपियों को शरण देने और फरार कराने के आरोप में आठ अन्य लोगों पर भी कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है।
पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About Author