Jaunpur news जौनपुर में मौसम का यू-टर्न: आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से गर्मी से राहत, कई जगह पेड़ गिरे
जौनपुर में मौसम का यू-टर्न: आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से गर्मी से राहत, कई जगह पेड़ गिरे
जौनपुर।बुधवार शाम जौनपुर में मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूलभरी आंधी के साथ ऐसा घना अंधेरा छा गया कि दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया। कुछ ही देर बाद तूफानी हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
आंधी और बारिश का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला। वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। एक स्कूल परिसर में खड़ी कार पर पेड़ गिरने की भी सूचना है। इसके अलावा कई इलाकों में बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे आपूर्ति ठप हो गई।
जिलाधिकारी कार्यालय के समीप भी तेज हवाओं के कारण एक पेड़ गिर गया और आसपास लगे पोस्टर-बैनर उड़ गए। घटना के बाद जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने और यातायात बहाल करने में जुट गई।
फिलहाल राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

