Jaunpur news बारिश ने खोली नईगंज की बदइंतजामी की पोल, मुख्य गली बनी ‘तालाब’, लोग परेशान

IMG-20260429-WA0060
Share


बारिश ने खोली नईगंज की बदइंतजामी की पोल, मुख्य गली बनी ‘तालाब’, लोग परेशान

जौनपुर नगर में बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश ने नईगंज क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था को उजागर कर दिया। कुमार पेट्रोल पंप तिराहे से सिटी स्टेशन को जोड़ने वाली मुख्य गली, जिसे स्थानीय लोग “शिक्षक नेता वाली गली” के नाम से जानते हैं, जलभराव के चलते पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवर पाइपलाइन डालने के लिए बीच गली में की गई खुदाई के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है। नालियों का पानी और बारिश का पानी एक साथ जमा होने से पूरे इलाके में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
गली में जमा गंदे पानी और कूड़े-करकट से उठ रही दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रहवासियों का कहना है कि इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति ज्यादा चिंताजनक है।
मोहल्ले के निवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को वीडियो और फोन के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नतीजतन आम जनता, खासकर मजदूर और निम्न आय वर्ग के लोग, इस बदहाल स्थिति में रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और गली की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि इस समस्या से जल्द निजात मिल सके।