Jaunpur news लापता युवक के मामले पर गरमाई सियासत, अजय राय ने पुलिस पर उठाए सवाल, आंदोलन की चेतावनी
जौनपुर में लापता युवक के मामले पर गरमाई सियासत, अजय राय ने पुलिस पर उठाए सवाल, आंदोलन की चेतावनी
जौनपुर के जफराबाद क्षेत्र के हौज चौमना गांव में लापता युवक के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बुधवार को अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे और घटना को लेकर गहरी चिंता जताई।
परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाते हुए अजय राय ने कहा कि एक महीने बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग न मिलना पुलिस की गंभीर विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हो चुकी है और पुलिस तंत्र लापरवाही की स्थिति में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लापता युवक आशीष चौहान का जल्द पता नहीं चला, तो कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी।
परिवार ने बताया कि आशीष चौहान वाराणसी में रहकर निजी नौकरी करता था और लंका क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। उसकी शादी आगामी मई में तय थी। अचानक संपर्क टूटने के बाद परिजन जब उसके कमरे पर पहुंचे, तो वहां संदिग्ध परिस्थितियों में खून के निशान मिले, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए पुलिस को जानकारी दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। अजय राय ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई स्थानीय नेता भी मौजूद रहे, जिन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
