August 14, 2026

Jaunpur news होमगार्ड भर्ती परीक्षा में सख्ती और सुविधा दोनों: डीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Share


होमगार्ड भर्ती परीक्षा में सख्ती और सुविधा दोनों: डीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जौनपुर
उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के दूसरे दिन जनपद में आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जिले के कुल 19 केंद्रों पर चल रही परीक्षा के बीच डीएम लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की हकीकत परखते नजर आए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज और टीडी विधि महाविद्यालय सहित कई केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए की गई सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने खास तौर पर पेयजल, गुड़ और बैठने की समुचित व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों को स्वच्छ पानी और गुड़ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्रों के प्रधानाचार्यों को गुड़ भेंट कर उसे परीक्षार्थियों में वितरित कराने को कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार गर्मी को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर मौजूद अभिभावकों के लिए भी पेयजल और गुड़ की व्यवस्था की गई है। डीएम ने मौके पर अभिभावकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी स्वयं और अन्य अधिकारी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

About Author