Jaunpur news चाचकपुर में गुरु तेज बहादुर तपोस्थली का होगा पर्यटन विकास, 1.56 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

Share


चाचकपुर में गुरु तेज बहादुर तपोस्थली का होगा पर्यटन विकास, 1.56 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
जौनपुर।
रविवार को जौनपुर के चाचकपुर स्थित मां गोमती नदी के पावन तट पर बने गुरु तेज बहादुर साहेब की तपोस्थली के विकास को लेकर बड़ा कदम उठाया गया। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने यहां पर्यटन विकास कार्यों और सड़क निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया।
इस दौरान तपोस्थली के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 91.64 लाख रुपये की लागत से कार्य कराए जाने की घोषणा की गई। इस परियोजना को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा पूरा कराया जाएगा। वहीं चाचकपुर (सिपाह) से तपोस्थली तक सड़क निर्माण के लिए 64.73 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है, जिसका निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि गुरु तेज बहादुर साहेब की यह तपोस्थली सिख समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले यहां पहुंचने का रास्ता काफी खराब था, लेकिन अब सड़क निर्माण के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थल पर हाल निर्माण, बाउंड्री वॉल, हरियाली, सोलर लाइट और विद्युत व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मंत्री ने अपने संबोधन में क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में पुलों का निर्माण, घाटों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का विस्तार, बाईपास परियोजना, फोरलेन सड़क, ओवरब्रिज, अंडरपास, एसटीपी, खेल सुविधाओं का विस्तार समेत कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार कुलवंत सिंह छाबड़ा ने की, जबकि संचालन सरदार जसविंदर सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About Author