Jaunpur news वेद कॉन्वेंट स्कूल में संस्थापक ‘बमबम’ की प्रतिमा का अनावरण, भावुक माहौल में दी गई श्रद्धांजलि

Share


वेद कॉन्वेंट स्कूल में संस्थापक ‘बमबम’ की प्रतिमा का अनावरण, भावुक माहौल में दी गई श्रद्धांजलि

जौनपुर शहर के हुसैनाबाद स्थित वेद कॉन्वेंट स्कूल में बुधवार शाम एक भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां विद्यालय के संस्थापक एवं राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय वेद प्रकाश श्रीवास्तव ‘बमबम’ की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर श्रद्धा और सम्मान के माहौल से भर उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण कर दिवंगत शिक्षाविद् और खिलाड़ी को नमन किया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि वेद प्रकाश ‘बमबम’ ने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने न सिर्फ विद्यालय की स्थापना कर शिक्षा का प्रसार किया, बल्कि वॉलीबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में जिले को गौरवान्वित भी किया।
मुख्य अतिथि दिनेश टंडन ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत होते हैं, जिनका जीवन संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों का उदाहरण प्रस्तुत करता है। वहीं विशिष्ट अतिथि राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि ‘बमबम’ जी का जीवन युवाओं को सही दिशा दिखाने वाला है और उनकी यादें सदैव प्रेरित करती रहेंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जहां विद्यालय के प्रबंधक पवन प्रकाश श्रीवास्तव और रतन प्रकाश श्रीवास्तव ने माल्यार्पण कर सभी का स्वागत किया।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरा आयोजन श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक बनकर उभरा।

About Author