Jaunpur news सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल
जौनपुर में सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल
जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सिकरारा थाना क्षेत्र के मघाईपुर गांव निवासी अश्वनी कुमार बिंद पुत्र उमा चंद बिंद अपने एक साथी के साथ बाइक से शहर से घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब वे नगर कोतवाली क्षेत्र के कटघरा इलाके से गुजर रहे थे, उसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में उनकी बाइक आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने अश्वनी कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल दूसरे युवक का उपचार करने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
