Jaunpur news सभी क्षेत्रों की नींव का आधार है गणित : प्रो. प्रमोद
इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट
सभी क्षेत्रों की नींव का आधार है गणित : प्रो. प्रमोद
पीयू में अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस पर ‘पाई डे’ का उत्सव
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिकीय विज्ञान अध्ययन व शोध संस्थान में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस (पाई डे) मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गणित के महत्व, उसके वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपयोग तथा दैनिक जीवन में उसकी भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. प्रमोद यादव ने करते हुए कहा कि गणित केवल संख्याओं और सूत्रों का विषय नहीं, बल्कि तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या समाधान की क्षमता को विकसित करने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र तथा डेटा विश्लेषण जैसे लगभग सभी क्षेत्रों की नींव गणित पर आधारित है।
प्रो. मिथिलेश सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में गणित के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान गणित विभाग के डॉ. दीपक मौर्य, डॉ. आशीष वर्मा और सौरभ सिंह ने भी गणित के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए और विद्यार्थियों को गणितीय अनुसंधान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर संस्थान के प्रो. देवराज सिंह, प्रो. प्रमोद कुमार, डॉ. नीरज अवस्थी, डॉ. पुनीत धवन, डॉ. धीरेन्द्र चौधरी, डॉ. आलोक वर्मा, डॉ. संदीप वर्मा उपस्थित रहे।
