Jaunpur news बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप: पिटाई में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप: पिटाई में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
जौनपुर। पवारा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पड़ोसियों की पिटाई से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार कुंवरपुर निवासी 35 वर्षीय नागेंद्र कुमार गौड़ का 4 मार्च को पड़ोस में रहने वाले लोगों से बच्चों के झगड़े को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोसियों ने नागेंद्र पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें नईगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था।
शुक्रवार को करीब 11 बजे इलाज के दौरान नागेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
