Jaunpur news सद्भावना पुल से युवक ने लगाई नदी में छलांग, दूसरे दिन मिला शव; प्रेम प्रसंग बताया जा रहा कारण
इशरत हुसैन की रिपोर्ट
सद्भावना पुल से युवक ने लगाई नदी में छलांग, दूसरे दिन मिला शव; प्रेम प्रसंग बताया जा रहा कारण
जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के सराय पोख्ता चौकी अंतर्गत सद्भावना पुल से एक युवक द्वारा नदी में कूदकर जान देने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूसरे दिन गोताखोरों की मदद से युवक का शव नदी से बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के सिपाह मोहल्ला निवासी संजय यादव का 22 वर्षीय पुत्र लालू यादव बुधवार की रात करीब 10 बजे घर से निकला था। बताया जाता है कि वह सद्भावना पुल पर पहुंचा और वहां से नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और देर रात तक युवक की तलाश कराई, लेकिन होली के त्योहार के कारण गोताखोर उपलब्ध नहीं हो सके।
गुरुवार सुबह गोताखोरों की मदद से पुल से कुछ दूरी पर नदी से युवक का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक का एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध बताया जा रहा है, जिसे लेकर वह मानसिक रूप से परेशान रहता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
