Jaunpur news आम के पेड़ों पर लगे हैं भरपूर बौर, बागवानों को अच्छी फसल की उम्मीद
आम के पेड़ों पर लगे हैं भरपूर बौर, बागवानों को अच्छी फसल की उम्मीद
मछलीशहर तहसील क्षेत्र में आम के बगीचों में बौर लग गये हैं जिसे देखकर बागवान खुश हैं। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों का ध्यान बौर से लदे ये पेड़ बरबस ही आकर्षित कर ले रहे हैं। क्षेत्र के कुंवरपुर, बामी, बटनहित,खरुआवां,काछीडीह,करौरा,खजुरहट, करौरा, तिलौरा,भाटाडीह,ऊंचगांव,कठार, भटेवरा, धौरहरा, सटवां, रामनगर, सजईंकला, महापुर आदि गांवों में छोटे-बड़े बगीचों और सड़कों के किनारे आम के बौर बहुत ही आकर्षक लग रहें हैं।बौर निकलने के बाद इस वर्ष न तो बारिश हुई और न तेज हवाएं चली जिस कारण से बौर कीटों से पूरी तरह सुरक्षित हैं।तहसील क्षेत्र में मुंगराबादशाहपुर कस्बे से सटे सरायडिंगुर और रामनगर गांवों में आम की खेती व्यवसायिक स्तर पर होती है। सरायडिंगुर के विमल प्रताप सिंह, कल्लू सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, अजय राणा प्रताप, अनिल सिंह, विवेक सिंह,ऋषभ सिंह आदि के पास बड़ी बागें हैं जिनमें दशहरी,चौसा,सफेदा और लंगड़ा प्रजातियों के आम हैं।इस सम्बन्ध में गांव सरायडिंगुर के बागवान कल्लू सिंह कहते हैं कि बौर को कीटों से सुरक्षित रखने के लिए बगीचे में पहले दौर की दवा का छिड़काव पूरा हो गया है और दूसरे चरण का छिड़काव जारी है।इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में बौर ज्यादा आये हुए हैं।मौसम मेहरबान रहा तो इस वर्ष अच्छी फसल होने की उम्मीद है।
