February 25, 2026

Jaunpur news नशीला पदार्थ खिलाकर दवा व्यापारी से लाखों की लूट, बेहोश कर झाड़ियों में फेंका

Share

इशरत हुसैन की रिपोर्ट


जौनपुर में नशीला पदार्थ खिलाकर दवा व्यापारी से लाखों की लूट, बेहोश कर झाड़ियों में फेंका

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जहरखुरानी गिरोह का दुस्साहसिक मामला सामने आया है। नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र के भंडारी मोहल्ला निवासी लगभग 60 वर्षीय दवा व्यापारी शोभा नाथ साहू बुधवार सुबह रिश्तेदारी में मिर्जापुर जाने के लिए लाइन बाजार क्षेत्र के जेसीज चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनसे मिला और बातचीत कर विश्वास में ले लिया। खुद को मिर्जापुर जाने वाला बताकर उसने व्यापारी को कार में बैठा लिया। कार जब मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के श्रीगांव के पास पहुंची, तभी आरोपी ने उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वे अचेत हो गए।
बेहोशी की हालत में बदमाशों ने उनके गले से करीब 20 ग्राम की सोने की चेन, 3–4 ग्राम की तीन सोने की अंगूठियां तथा जेब में रखे लगभग 12 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उन्हें श्रीगांव के पास झाड़ियों में फेंककर कार समेत फरार हो गए।
कुछ समय बाद वहां खेल रहे बच्चों की नजर बेहोश पड़े व्यापारी पर पड़ी तो शोर मचाया। सूचना पर ग्रामीण जुट गए और पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डायरी में मिले नंबर से परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
लूटे गए जेवरों की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

About Author