Jaunpur news वरुणा किनारे सरसों के खेत में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका; पास से बाइक बरामद
जौनपुर में वरुणा किनारे सरसों के खेत में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका; पास से बाइक बरामद
जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आशापुर–फेरूपुर गांव के पास वरुणा नदी किनारे सरसों के खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिला। युवक की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है। शव का चेहरा ईंट से बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने घाट के पास शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक भी बरामद हुई है। बाइक के साइलेंसर पर पैरों के निशान मिले हैं। वहीं आसपास शराब की बोतलें भी पड़ी मिलीं, जिनमें से एक टूटी हुई थी। आशंका है कि युवक पर किसी धारदार हथियार से हमला करने के बाद ईंट से चेहरा कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या की गई।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
