February 13, 2026

Jaunpur news जौनपुर SPEL कार्यक्रम के तहत छात्रों ने किया थाना भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा

Share

जौनपुर SPEL कार्यक्रम के तहत छात्रों ने किया थाना भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा

जौनपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग (SPEL) कार्यक्रम के तृतीय चरण का आयोजन जनपद जौनपुर में सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में किया गया।
SPEL कार्यक्रम के अंतर्गत वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, टी.डी. पी.जी. कॉलेज तथा मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने थाना लाइन बाजार का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह कार्यक्रम पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता एवं पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. सोमारु राम प्रजापति के समन्वय से संपन्न हुआ।
थाना लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, शिकायतों के निस्तारण, साइबर अपराध से बचाव के उपाय तथा विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों पर भी विशेष चर्चा की गई, जिसमें वृद्धाश्रम, अनाथालय, महिला आश्रय गृह, किशोर गृह और नशा मुक्ति केंद्रों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
SPEL कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा पुलिस-जनसामान्य के बीच समन्वय को मजबूत करना बताया गया, ताकि युवा एक जिम्मेदार और सजग नागरिक बन सकें।
इस अवसर पर डॉ. अवधेश कुमार मौर्य, डॉ. विजयलक्ष्मी सिंह, डॉ. निलेश सिंह, डॉ. विवेक विक्रम सिंह सहित पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक अरविंद यादव, महिला उपनिरीक्षक प्रमीला देवी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

About Author