Jaunpur news घना कोहरा और सर्द हवाओं का कहर, मछलीशहर में जनजीवन ठिठुरा

IMG-20260204-WA0007
Share


घना कोहरा और सर्द हवाओं का कहर, मछलीशहर में जनजीवन ठिठुरा
मछलीशहर तहसील क्षेत्र में बुधवार की सुबह मौसम ने कड़ाके की ठंड का एहसास करा दिया। पूरे इलाके में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। रात से लगातार चल रही सर्द पछुआ हवाओं ने गलन को और तेज कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह से ही अलाव का सहारा लेने को मजबूर नजर आए।
कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। वाहन चालक बेहद सतर्कता से गाड़ियां चलाते दिखे, वहीं बाइक सवारों के जैकेट और दस्ताने नमी से पूरी तरह भीग गए। मंगलवार दोपहर बाद मौसम में आए बदलाव और शाम को हुई हल्की बूंदाबांदी ने तापमान में और गिरावट ला दी।
हालांकि ठंड का यह असर किसानों के लिए राहत भरा माना जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में आई गिरावट गेहूं की फसल के लिए लाभकारी साबित हो सकती है।
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ नजर आया। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सुबह पहुंचने वाली कई ट्रेनें देरी से चलीं। बुंदेलखंड एक्सप्रेस करीब दो घंटे, जबकि काशी एक्सप्रेस लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी से रवाना हुई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।