August 15, 2026

Jaunpur news खेल भावना की जीत: मैत्री क्रिकेट में जर्नलिस्ट टीम का दबदबा, जलालपुर पुलिस को 62 रन से हराया

Share


जौनपुर में खेल भावना की जीत: मैत्री क्रिकेट में जर्नलिस्ट टीम का दबदबा, जलालपुर पुलिस को 62 रन से हराया

जौनपुर। खेल के मैदान पर सौहार्द और भाईचारे की शानदार मिसाल उस समय देखने को मिली, जब जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम और जलालपुर पुलिस टीम के बीच रोमांचक मैत्री क्रिकेट मुकाबला खेला गया। पराऊगंज स्थित ओमेगा पब्लिक स्कूल के मैदान पर आयोजित इस मैच में पत्रकारों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस टीम को 62 रनों से शिकस्त दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान राजन मिश्रा ने लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। 12 ओवर के इस मुकाबले में पत्रकारों की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ दो विकेट के नुकसान पर 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ओपनिंग में उतरे शिवम उपाध्याय हरिया और सरस सिंह ने गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। शिवम उपाध्याय ने शानदार शतक लगाते हुए 105 रन बनाए, जबकि सरस सिंह ने भी 100 रनों की विस्फोटक पारी खेली। आलोक सिंह ने नाबाद 32 रन जोड़े, वहीं 3 रन अतिरिक्त के रूप में मिले।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी महेंद्र यादव की कप्तानी वाली जलालपुर पुलिस टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। संजय प्रजापति ने एक छोर से संघर्ष करते हुए 90 रनों की शानदार पारी जरूर खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। निर्धारित 12 ओवर में पुलिस टीम 8 विकेट पर 178 रन ही बना सकी।
गेंदबाजी में जर्नलिस्ट टीम की ओर से आलोक सिंह ने 3 विकेट हासिल किए। शिवम उपाध्याय हरिया और इमरान अब्बास को 2-2 विकेट मिले, जबकि सुशील तिवारी ने 1 सफलता अर्जित की। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिवम उपाध्याय हरिया को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच के दौरान अंकित जायसवाल की रोचक कमेंट्री ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कोच मोहम्मद अब्बास, संरक्षक पंकज भूषण मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक जलालपुर गजानंद चौबे ने दोनों टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम में अजीत सिंह, देवेंद्र खरे, सुशील तिवारी, राजन मिश्रा, आलोक सिंह, मसूद अहमद, इमरान अब्बास, शिवम उपाध्याय हरिया, शिवेंद्र प्रताप सिंह काजू, सरस सिंह, विवेक सिंह और अरशद अब्बास शामिल रहे।
वहीं जलालपुर पुलिस टीम की ओर से महेंद्र यादव, संतोष मिश्रा, अरविंद कुमार, रजत पांडेय, अमन कुमार, अजीत कुमार, धीरेन्द्र निषाद, अभिषेक शर्मा, सुरेश सिंह, संजय प्रजापति और सरफराज कर्णधीर पाल ने भाग लिया।
मैच के दौरान पत्रकार संतोष राय और प्रदीप सिंह की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। यह मैत्री मुकाबला खेल के जरिए आपसी सहयोग, सौहार्द और सकारात्मक रिश्तों का प्रतीक बनकर सामने आया।

About Author