Jaunpur news मड़ियाहूं पुलिस ने महिला से चैन स्नेचिंग का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद
मड़ियाहूं पुलिस ने महिला से चैन स्नेचिंग का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद
जौनपुर। मड़ियाहूं थाना पुलिस ने महिला के गले से सोने की चैन छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा करते हुए मामले का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने इस वारदात का खुलासा महज 10 दिनों के भीतर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 28 दिसंबर को हुई थी। पीड़िता की तहरीर पर मड़ियाहूं थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए ददरा बाईपास से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताज मोहम्मद पुत्र मो. उस्मान निवासी तेजगढ़ थाना बरसठी और शुभम सेठ उर्फ बच्चा सेठ पुत्र गुलाब सेठ निवासी इदगाह रोड पश्चिम थाना मड़ियाहूं के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई सोने की चैन बेचने के बाद बचे 9,800 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।
