Jaunpur news मुखबिरी के संदेह में दबंगों का कहर, दंपति व बेटे को लाठी-डंडों से पीटा, तीनों गंभीर घायल
मुखबिरी के संदेह में दबंगों का कहर, दंपति व बेटे को लाठी-डंडों से पीटा, तीनों गंभीर घायल
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज में मुखबिरी के शक को लेकर दबंगों ने एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को दिन में पुलिस ने गांजा बिक्री की सूचना पर एक व्यक्ति के घर छापेमारी की थी। हालांकि छापेमारी के बाद संबंधित व्यक्ति को अपने पड़ोसी पर पुलिस को सूचना देने का संदेह हो गया। इसी रंजिश को लेकर रात करीब 8 बजे छह से सात की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने पड़ोसी परिवार पर अचानक हमला बोल दिया।
आरोप है कि दबंगों ने लोहे की रॉड, लाठी और डंडों से लाल रत्नाकर सिंह चौहान (56 वर्ष), उनकी पत्नी शीला देवी (48 वर्ष) और पुत्र जय सिंह चौहान (26 वर्ष) को बेरहमी से पीटा। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण व इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
