January 24, 2026

Jaunpur news 11 जनवरी को जौनपुर में अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट का 6वां स्थापना दिवस, ओलंपियन अशोक ध्यानचंद होंगे मुख्य अतिथि

Share


11 जनवरी को जौनपुर में अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट का 6वां स्थापना दिवस, ओलंपियन अशोक ध्यानचंद होंगे मुख्य अतिथि
जौनपुर। जनपद की सामाजिक संस्था अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट जौनपुर का छठवां स्थापना दिवस आगामी 11 जनवरी को होटल जेएमएस ग्रैंड, पचहटिया में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसकी जानकारी ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में समाजसेवा, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, किन्नर समाज, पत्रकारिता और प्रेरणादायी कार्यों से जुड़े विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना और उनके योगदान को सार्वजनिक मंच पर सराहना देना है।
इस अवसर पर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व ओलंपियन, तीन बार के विश्व विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अशोक ध्यानचंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति से समारोह की गरिमा और प्रेरणात्मक संदेश और भी मजबूत होगा। कार्यक्रम में अशोक ध्यानचंद युवाओं को खेल, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में योगदान को लेकर अपने अनुभव साझा करेंगे।
अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने कहा कि अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर ट्रस्ट की अब तक की उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं को भी साझा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस समारोह में जनपद के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में युवाओं को आमंत्रित किया गया है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के महासचिव डॉ. पी. के. सिंह एवं महासचिव राधिका सिंह भी उपस्थित रहीं।

About Author