Jaunpur news संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
खेतासराय।
कस्बा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार की सुबह वह घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक खेत में अचेत अवस्था में मिला। परिजनों ने आनन-फानन में उसे स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया । हालत गंभीर देख उसे वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई । जिससे स्वजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कस्बे के गोलाबाजार वार्ड निवासी अनुज सोनी (26) पुत्र सुरेंद्र सोनी मंगलवार की सुबह अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर खेत में बेहोशी की हालत में पाए गए। चर्चा है कि युवक ने किसी कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल बीएचयू ले जाया गया, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृत्यु की सूचना पर वाराणसी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस बाबत थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है और न ही स्वजनों की ओर से थाने पर कोई सूचना दी गई है।
