October 31, 2025

Jaunpur news देश की एकता और अखंडता के सूत्रधार थे सरदार पटेल : अरविन्द कुमार पटेल

Share


देश की एकता और अखंडता के सूत्रधार थे सरदार पटेल : अरविन्द कुमार पटेल
जौनपुर। जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन परिसर में शुक्रवार को सरदार सेना के जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार पटेल के नेतृत्व में लौह पुरुष, भारत रत्न, आधुनिक भारत के निर्माता और अखंड भारत के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार पटेल ने कहा कि सरदार पटेल देश की एकता और अखंडता के वास्तविक सूत्रधार थे। उन्होंने गृह मंत्री के रूप में स्वतंत्र भारत की सैकड़ों रियासतों का विलय कर देश को एकता के सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके अथक प्रयासों और दृढ़ संकल्प के कारण ही भारत आज एक अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पी कहा जाता है। उनकी संगठन क्षमता, राजनीतिक दूरदर्शिता और राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट निष्ठा ने उन्हें भारतीय इतिहास में एक विशिष्ट स्थान प्रदान किया। स्वतंत्र भारत के पहले तीन वर्षों में वे देश के उप प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और सूचना प्रसारण मंत्री रहे। उनका योगदान केवल स्वतंत्रता संग्राम तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने स्वतंत्र भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अरविन्द पटेल ने कहा कि आज देश को फिर सरदार पटेल जैसे दूरदर्शी और निष्ठावान नेतृत्व की आवश्यकता है। वर्तमान समय में सरकारें महापुरुषों के नाम पर राजनीति कर रही हैं, जबकि जरूरत उनकी विचारधारा पर अमल करने की है। उन्होंने अपील की कि आज के नेता सरदार पटेल की जीवनी पढ़ें और उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करें।

इस अवसर पर वृजेंद्र पटेल, विपिन पटेल, विकास पटेल, अमर बहादुर चौहान, रवि पटेल, रवि रंजन पटेल, राजकुमार पटेल, मनीष पटेल, सूरज पटेल, कौशल पटेल, अनिल पटेल, अमित पटेल, संदीप पटेल, राहुल यादव, त्रिलोकी नाथ, मुन्ना लाल, स्वतंत्र सिंह, छोटे लाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About Author