February 24, 2026

Jaunpur news रामलीला: शिव धनुष टूटते ही उमड़ा जनसैलाब

Share

इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट

रामलीला: शिव धनुष टूटते ही उमड़ा जनसैलाब

जय श्री राम के नारों से गूँजा रामलीला पण्डाल

खेतासराय, जौनपुर।
शिव बजरंग रामलीला समिति, बादशाही तालाब मनेछा द्वारा आयोजित भव्य रामलीला मंचन में रविवार की रात वह क्षण उपस्थित हुआ ।
जिसका इंतज़ार हजारों की जनता कर रही थी।
भगवान श्रीराम द्वारा शिवधनुष उठाने और उसे भंग करते ही सम्पूर्ण वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
धनुष टूटते ही मानो पूरा पण्डाल श्रद्धा और भक्ति में डूब गया। मंच पर कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय ने दर्शकों को ऐसा अनुभव कराया मानो वे स्वयं मिथिला नगरी के उस ऐतिहासिक प्रसंग के साक्षी बन रहे हों। जैसे ही रामजी ने सहजता से धनुष उठाया और उसे प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया, पूरा मंचन रोमांच से भर उठा। और जैसे ही वह धनुष भंग हुआ, पण्डाल तालियों, नगाड़ों और शंखध्वनि से गूंज उठा।
रामलीला के निर्देश पत्रकार राकेश शर्मा ने बताया कि यह रामलीला पिछले कई दशकों से निरंतर आयोजित की जा रही है। हर वर्ष धनुष-भंग का यह दृश्य भक्तों के हृदय में एक नई ऊर्जा और आस्था का संचार करता है। इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य नागरिकों सहित आस-पास के गांवों से भी भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में व्यवस्था की विशेष देखरेख की गई थी। भव्य सजावट, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और पारंपरिक संगीत ने पूरे वातावरण को दिव्यता से भर दिया।
रामलीला के इस प्रसंग के बाद दर्शक देर रात तक मंचन देखते रहे और रामजी की लीला का रसास्वादन करते रहे। अंत में रामलीला समिति के अध्यक्ष भीम यादव ने आगन्तुको के प्रति आभार व्यक्त किया। वास्तव में, शिव बजरंग रामलीला समिति की इस प्रस्तुति ने यह स्पष्ट कर दिया कि रामलीला केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

About Author