Jaunpur news एकजुट प्रयास से ही वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं का होगा समाधान: राजेन्द्र प्रताप सिंह
एकजुट प्रयास से ही वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं का होगा समाधान: राजेन्द्र प्रताप सिंह
जौनपुर। रामराज गर्ल्स इंटर कॉलेज धर्मापुर के सभागार भवन में शनिवार को वित्तविहीन शिक्षक महासभा का एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुआ। इसमें शिक्षकों की समस्याओं, उनके समाधान और संगठन की मजबूती पर चर्चा की गई।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सेवा नियमावली और मानदेय की लड़ाई तभी सफल होगी जब सभी शिक्षक एकजुट होकर प्रयास करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्तविहीन शिक्षकों के मतों से सदन में पहुंचने वाले जनप्रतिनिधि व्यक्तिगत स्वार्थ के आगे शिक्षकों के हितों की अनदेखी करते हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सत्य नारायण सिंह परिहार ने संगठन को ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने पर बल दिया। प्रधान महासचिव जियारत हुसैन ने कहा कि शिक्षकों को मानदेय दिलाने में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाएगी।
फौजदार सिंह अखिलेश व कृष्ण मोहन यादव ने कहा कि पूर्व सरकार में मिलने वाली सहयोग राशि को वर्तमान सरकार ने भी समाप्त कर दिया है।
कार्यशाला में नन्हकऊ गुप्ता, जिलाध्यक्ष श्रद्धेय गुप्ता, शशि शेखर मिश्रा, श्यामधर मिश्र, विकास सिंह, सुभाष गुप्ता, मनोज पटेल, संजय गुप्ता, बलिया जिलाध्यक्ष रामजी सिंह व बंटी उपाध्याय सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
संचालन प्रधानाचार्य अमित दुबे ने किया और आभार प्रधानाचार्य वंदना मौर्या ने व्यक्त किया।
