Jaunpur news सभी काले कानून शिक्षकों पर ही लागू करती है यूपी सरकार, अरविंद शुक्ला
इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट
सभी काले कानून शिक्षकों पर ही लागू करती है यूपी सरकार, अरविंद शुक्ला
बेसिक शिक्षकों का उत्पीड़न किसी कीमत पर अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
जौनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला की अध्यक्षता में सैकड़ो शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद की।
उपस्थित सैकड़ो शिक्षकों को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार शुक्ला मंत्री रविचंद्र यादव ने कहा कि एक अप्रैल 2005 या उसके पश्चात नियुक्त शिक्षकों सहित पूर्व चयनित शिक्षकों के लिए नई पेंशन प्रणाली समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की पूर्वगामी अनिवार्यता से मुक्त रखने हेतु विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग की । इसके साथ ही सभी शिक्षकों के प्रमाण-पत्रों की एसटीएफ जांच के आदेश पर तत्काल रोक लगाकर उच्च न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध खण्डपीठ में अपील करें।
जिलाध्यक्ष श्री शुक्ल ने मांग किया कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर गैर-टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों सहित पदोन्नति सुनिश्चित करने तथा 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षकों की भांति प्रोन्नत वेतनमान देने की बात कही गई है।
संगठन ने वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स परीक्षा से 50 प्रतिशत न्यूनतम उत्तीर्ण अंक की बाध्यता समाप्त करने, विशेष श्रेणी के लंबित अन्तर्जनपदीय स्थानान्तरण की सूची शीघ्र जारी करने तथा आगामी शीतकालीन अवकाश में अन्तर्जनपदीय, अन्तःजनपदीय व पारस्परिक स्थानान्तरण प्रक्रिया पूरी करने का भी अनुरोध किया है। इसके अतिरिक्त, मृतक बेसिक शिक्षकों के बी.एड. एवं टीईटी योग्यताधारी आश्रितों की शिक्षक पद पर नियुक्ति हेतु स्पष्ट निर्देश जारी करने, प्रत्येक विद्यालय अथवा परिसर में चतुर्थ श्रेणी/सफाई कर्मचारी/चौकीदार की नियुक्ति करने तथा शिक्षकों को द्वितीय शनिवार एवं उपार्जित अवकाश अनुमन्य किए जाने की मांग शामिल है।
बाक्स
मुख्यमंत्री के नाम संबोधित दिया ज्ञापन
जौनपुर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के प्रतिनिधी के तौर पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी को मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित भेजे गए 12 सूत्रीय मांग पत्र में शिक्षकों ने कहा कि हमारी मांगे बहुत जल्द अगर मानी नहीं गई तो हम राजधानी लखनऊ में धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष अरविन्द शुक्ल ने कहा की प्रदेश सरकार शिक्षकों का उत्पीड़न कर रही, क्योंकि सबसे अधिक काले कानून शिक्षकों के ऊपर ही लागू किये जा रहे हैं यह पूरी तरह से बंद होना चाहिए।
बाक्स
कैशलेस चिकित्सा सुविधा पर जताया आभार
जौनपुर। उत्तर प्रदेश की प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद शुक्ला के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को दी गई कैशलेस चिकित्सा सुविधा का स्वागत करते हुए आभार जताया। साथ ही बेसिक शिक्षा परिषदीय शिक्षकों की लंबे समय से लंबित अन्य प्रमुख समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की।
पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि शिक्षक हितों को ध्यान में रखते हुए उपरोक्त सभी मांगों के निराकरण हेतु शीघ्र आवश्यक शासनादेश निर्गत किए जाएं।
बाक्स
इन शिक्षकों ने हक के लिए भरी हुंकार
जौनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले हुए इस जोरदार आंदोलन में संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला के साथ उपाध्यक्ष लाल साहब यादव, कोषाध्यक्ष रामदुलार यादव, संयुक्त मंत्री वीरेंद्र प्रताप सिंह, सुनील यादव, शिवेंद्र सिंह रानू, लक्ष्मीकांत सिंह, विष्णु तिवारी, विक्रम प्रकाश यादव, अनिल दीप चौधरी, संतोष सिंह, राजेश पांडेय, मनोज यादव, सुधीर सिंह, राजकुमार यादव, रणंजय सिंह, धीरेंद्र यादव, प्रमोद कुमार दुबे, अरुण कुमार यादव, राम प्रसाद यादव, अरुण कुमार सिंह, पवन सिंह, धर्मेंद्र कुमार एवं मोहम्मद हाशिम सहित अन्य शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
