February 24, 2026

Jaunpur news महिला सभासद का आरोप: ईओ ने शिलापट्ट पर नाम पर पोटवाई कालिख, डीएम से की जांच की मांग

Share


महिला सभासद का आरोप: ईओ ने शिलापट्ट पर नाम पर पोटवाई कालिख, डीएम से की जांच की मांग

गौराबादशाहपुर।
नगर पंचायत गौराबादशाहपुर के वार्ड नंबर 9 बंजारेपुर उत्तरी की महिला सभासद शबीना अंसारी ने गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ईओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

सभासद का आरोप है कि वार्ड में हुए आरसीसी व इंटरलॉकिंग कार्य के बाद हाल ही में लगाए गए शिलापट्ट पर उनके नाम पर बुधवार को जानबूझकर कालिख पोत दी गई। जब उन्होंने इस संबंध में ईओ से पूछताछ की तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

सभासद शबीना अंसारी ने एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अछैबर चौहान को पत्र सौंपकर प्रकरण की जांच कराने की मांग की। इस दौरान उनके साथ नगर पंचायत के अन्य वार्डों के सभासद और प्रतिनिधि अतीक अहमद, शीशवंश सिंह, अजीत विश्वकर्मा, सन्नी गुप्ता, सलामुद्दीन अंसारी और अमीक अंसारी भी मौजूद रहे।

एडीएम ने मामले की जांच प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय सीआरओ अजय कुमार अम्बष्ठ को सौंप दी है। सीआरओ ने कहा कि महिला सभासद द्वारा की गई शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।


About Author