February 24, 2026

Jaunpur news विश्वकर्मा दिवस पर लाभार्थियों को ऋण व टूलकिट वितरण, प्रभारी मंत्री ने किया शुभारंभ

Share


विश्वकर्मा दिवस पर लाभार्थियों को ऋण व टूलकिट वितरण, प्रभारी मंत्री ने किया शुभारंभ

जौनपुर। विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लाभार्थियों को ऋण तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूलकिट वितरित किए गए।

प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से किया। वहीं, जौनपुर में कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर विकास मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने प्रभारी मंत्री का ओडीओपी उत्पाद, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में भी देखा गया।

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी ट्रेड से जुड़ी संध्या सिंह, राजेंद्र प्रसाद पटेल, काजल, ललिता देवी, अंजली शर्मा और बबीता मौर्या को चेक व सिलाई मशीन प्रदान की गई। कुल 180 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत आशीष सोनकर और जयप्रकाश को 5-5 लाख रुपये का ऋण तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत अमित रत्न यादव को 5 लाख रुपये का ऋण दिया गया।

प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि परंपरागत कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन निरंतर प्रयास कर रहा है। इससे आजीविका को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि परंपरागत व्यवसाय को बढ़ावा देकर न केवल आजीविका मजबूत होगी बल्कि हमारी संस्कृति भी संरक्षित रहेगी।

कार्यक्रम में विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग जयप्रकाश सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी व अधिकारी उपस्थित रहे।


About Author