Jaunpur news पौष्टिक व शुद्ध आहार से ही संभव है स्वस्थ जीवन डॉ. विकास सिंह
पौष्टिक व शुद्ध आहार से ही संभव है स्वस्थ जीवन : डॉ. विकास सिंह
मो. हसन पी.जी. कॉलेज में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह पर क्विज़ व मिलेट्स प्रतियोगिता का आयोजन
जौनपुर। मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के तहत क्विज़ प्रतियोगिता एवं मोटे अनाज (मिलेट्स) आधारित विशेष प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। सात दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संतुलित व शुद्ध भोजन के महत्व से अवगत कराना रहा। इस वर्ष की थीम थी— “Eat Right for a Better Life”।
क्विज़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पोषण व खाद्य सुरक्षा से जुड़े प्रश्नों का बेझिझक उत्तर दिया। वहीं मिलेट्स प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बाजरा, ज्वार, रागी आदि से बने व्यंजन प्रस्तुत कर यह संदेश दिया कि मोटे अनाज ही कुपोषण से बचाव और स्वस्थ जीवन का सस्ता व सुलभ विकल्प हैं।
प्रतियोगिता में हिमांशी यादव ने प्रथम, समरीन व शगुन ने द्वितीय, अंजली पाल ने तृतीय तथा प्रिया गुप्ता ने सांत्वना पुरस्कार जीता। क्विज़ में वंदना यादव, रुचि प्रजापति व कंचन यादव की टीम विजेता रही। निर्णायक मंडल में डॉ. रजिया खान, डॉ. विवेक सिंह और अनुराधा गुप्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की। उन्होंने कहा— “स्वस्थ जीवन की नींव पौष्टिक भोजन है। विद्यार्थी अभी से संतुलित आहार अपनाएँ तो जीवनभर ऊर्जावान रहेंगे।”
मुख्य वक्ता डॉ. विकास सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा— “फास्ट फूड और मिलावटी भोजन स्वास्थ्य के लिए खतरा हैं, जबकि मिलेट्स निरोग समाज और कुपोषण मुक्ति की कुंजी हैं।”
संयोजक डॉ. नगमा यास्मीन ने बताया कि मोटे अनाज रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं। आयोजन को सफल बनाने में वसुधा श्रीवास्तव, शिवानी सिंह और शाहिन अंसारी का विशेष योगदान रहा।
सप्ताहभर चले इस आयोजन में छात्रों ने चार्ट, पोस्टर, डाइट प्लान और मॉडल्स के माध्यम से संतुलित आहार का महत्व दर्शाया और सभी को संदेश दिया—
“शुद्ध भोजन अपनाएँ, कुपोषण से बचें और स्वस्थ समाज का निर्माण करें।”

